home page

अमरपाल मौर्य का कार्यकर्ताओं से आह्वान, चुनावी तैयारियों में जुटें और ओबीसी समाज से संपर्क बढ़ाएं

 | 
अमरपाल मौर्य का कार्यकर्ताओं से आह्वान, चुनावी तैयारियों में जुटें और ओबीसी समाज से संपर्क बढ़ाएं


देहरादून, 01 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों को लेकर पूरी क्षमता के साथ संगठनात्मक तैयारियों में जुटने और ओबीसी समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संपर्क बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क कर संगठनात्मक संवाद मजबूत करने पर जोर दिया।

दो दिवसीय उत्तराखंड प्रवास पर देहरादून पहुंचे मौर्य ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में ओबीसी मोर्चा की संगठनात्मक बैठक में पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और जनप्रतिनिधियों से संवाद किया। प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल मौर्य ने संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर जानकारी दी।

अमरपाल मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया है। उन्होंने कहा कि कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से ओबीसी समाज के सशक्तीकरण के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विभिन्न ओबीसी समाजों के प्रतिनिधियों के साथ निरंतर संवाद बढ़ाने को कहा।

बैठक के बाद मौर्य ने ओबीसी मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों, पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों के साथ ही समाज के वर्तमान एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों और विभिन्न आयोगों और बोर्डों में प्रतिनिधित्व कर रहे लोगों से भी संवाद किया।

मोर्चा के अनुसार दो अक्टूबर को विभिन्न ओबीसी समाजों के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग संवाद कार्यक्रम होंगे। इसके बाद उद्यमी, व्यापारी, चिकित्सक, अधिवक्ता, प्रोफेसर, कृषि, साहित्य और अन्य क्षेत्रों से जुड़े ओबीसी समाज के प्रबुद्धजनों के साथ भी संवाद किया जाएगा।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय