भाजपा ने मनाया नारी शक्ति वंदन समारोह
हरिद्वार, 13 सितंबर (हि.स.)। भाजपा की ओर से भूपतवाला स्थित वासुदेव आश्रम में रविवार को नारी शक्ति वंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। महिलाओं ने कौशिक की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें विजयश्री का आशीर्वाद दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए मदन कौशिक ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति को सम्मान, सामर्थ्य और प्रेरणा का प्रतीक माना गया है। उन्होंने महिलाओं की सामाजिक और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
महापौर किरण जैसल ने कहा कि नारी शक्ति राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति है।
भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने कहा कि हरिद्वार में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के आशीर्वाद से प्रदेश में भाजपा की सरकार तीसरी बार बनेगी।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन भाजयुमो नेता दीपांशु विद्यार्थी ने किया।
समारोह में मंडल अध्यक्ष किशन बजाज, सर्वेश्वर मूर्ति भट्ट, पार्षद आकाश भाटी, तरुण नय्यर, वीरेंद्र तिवारी और अनिरुद्ध भाटी सहित भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

