home page

भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस के खिलाफ किया हमला

 | 
भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस के खिलाफ किया हमला


पौड़ी गढ़वाल, 10 मई (हि.स.)। भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस पर बदनाम करने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए रविवार को पौड़ी में कलेक्ट्रेट परिसर के समीप जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा की पूर्व जिला अध्यक्ष सुषमा रावत के नेतृत्व में महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की।

सुषमा रावत ने कहा कि चंपावत में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का मामला पुलिस जांच में कथित रूप से फर्जी साबित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राजनीतिक लाभ लेने और भाजपा की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से मामले में भाजपा से जुड़े लोगों के नाम उछाले।

उन्होंने कहा कि नाबालिग के बयान सामने आने और पुलिस जांच के बाद सच्चाई जनता के सामने आ चुकी है। भाजपा महिला मोर्चा का आरोप है कि कांग्रेस राजनीतिक फायदे के लिए किसी भी स्तर तक जाकर भाजपा को बदनाम करने का प्रयास कर रही है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांग्रेस की षड्यंत्रकारी राजनीति अब उजागर हो चुकी है और इसका खामियाजा पार्टी को आगामी विधानसभा चुनावों में भी भुगतना पड़ेगा।

इस मौके पर महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष प्रमिला भंडारी, सोशल मीडिया प्रभारी बबीता रावत, जिला उपाध्यक्ष मधु कुखशाल, महामंत्री रजनी मौर्य, जिला उपाध्यक्ष नीलम जुयाल, संगीता डोभाल, ज्योति सुंदरियाल, अंजू रावत, लीला ढौंडियाल, सभासद संगीता रावत, सरिता लिंगवाल, भाजपा गढ़वाल सह-संयोजक सरजीत तोमर आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह