home page

पिरान कलियर समेत पिछली बार हारी सीटों पर जीत का भरोसा : बासित अली

 | 
पिरान कलियर समेत पिछली बार हारी सीटों पर जीत का भरोसा : बासित अली


देहरादून, 12 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक हुई। बैठक के बाद मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा उन सीटों पर भी जीत दर्ज करेगी, जहां पिछले चुनाव में पार्टी को सफलता नहीं मिली थी।

कुंवर बासित अली ने पत्रकारों से बातचीत में बासित अली ने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में अल्पसंख्यक मोर्चा के साथ समाज की भी महत्वपूर्ण भागीदारी रहेगी।

उन्होंने पिरान कलियर विधानसभा सीट पर भी भाजपा की जीत का भरोसा जताया। बासित अली ने कांग्रेस पर मुस्लिम महिलाओं को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वक्फ बोर्ड, हज कमेटी और अल्पसंख्यक विभाग के माध्यम से अल्पसंख्यक समुदाय तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

भाजपा नेता ने धामी सरकार के विकास कार्यों की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय