home page

उत्तराखंड चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, सरकार की उपलब्धियां घर-घर पहुंचाने की रणनीति

 | 
उत्तराखंड चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, सरकार की उपलब्धियां घर-घर पहुंचाने की रणनीति


- राम माधव की मौजूदगी में प्रदेश नेतृत्व की बैठक, कांग्रेस के आरोपों का जवाब देने और संगठनात्मक कार्यक्रमों को धार देने पर चर्चा

देहरादून, 23 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने और केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। पार्टी की शुक्रवार को हुई बैठक में सरकार के कामकाज को जनता के सामने रखने, विपक्ष के आरोपों का जवाब देने और विकास एवं जनकल्याण के मुद्दों पर चुनाव लड़ने की रणनीति पर चर्चा की गई।

भाजपा के प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव के नेतृत्व में बीजापुर गेस्ट हाउस में हुई बैठक में प्रदेश नेतृत्व के प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि बैठक में वर्तमान में चल रहे सांगठनिक कार्यक्रमों की समीक्षा की गई और आगामी कार्यक्रमों को चुनावी दृष्टि से अधिक प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श हुआ।

मनवीर चौहान के अनुसार, बैठक में तय किया गया कि भाजपा कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी घर-घर पहुंचाएंगे। पार्टी जनता के बीच सरकार का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करने के साथ आगामी चुनाव के लिए समर्थन भी मांगेगी।

बैठक में कांग्रेस के आरोपों और विपक्ष की ओर से सरकार के खिलाफ बनाए जा रहे कथित नकारात्मक विमर्श का जवाब देने पर भी चर्चा हुई। भाजपा नेतृत्व ने सरकार के कामकाज और संगठन के प्रयासों को जनता के सामने रखने तथा कांग्रेस के आरोपों का जवाब देने की रणनीति तैयार करने पर जोर दिया।

प्रदेश मीडिया प्रभारी ने कहा कि भाजपा विकास और जनकल्याण की राजनीति के आधार पर आगामी चुनाव में उतरेगी। पार्टी का लक्ष्य लगातार तीसरी बार जनता का विश्वास हासिल करना है। हालांकि, बैठक में किसी विशिष्ट चुनावी कार्यक्रम की तारीख या विस्तृत कार्यक्रम-सूची की घोषणा नहीं की गई।

बैठक में प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट, प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा और प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत और तरुण बंसल मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय