home page

हरेला पर भाजपा लगाएगी छह लाख से अधिक पौधे, बूथ स्तर पर चलेगा अभियान

 | 
हरेला पर भाजपा लगाएगी छह लाख से अधिक पौधे, बूथ स्तर पर चलेगा अभियान


देहरादून, 15 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड भाजपा हरेला पर्व के अवसर पर 16 जुलाई से 15 अगस्त तक 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत राज्यभर में छह लाख से अधिक पौधे लगाएगी। अभियान के तहत सभी 11,729 बूथों पर न्यूनतम 50 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति में बताया कि पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से चलाए जाने वाले इस अभियान में मंत्री, सांसद,विधायक,मेयर,जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख और अन्य जनप्रतिनिधि जनसहभागिता के साथ वृक्षारोपण करेंगे। अभियान के सफल संचालन के लिए प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर समितियों का गठन किया गया है।

उन्होंने बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की सहमति से प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट को अभियान का प्रदेश संयोजक बनाया गया है। महिला मोर्चा अध्यक्ष रुचि भट्ट, किसान मोर्चा अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी और युवा मोर्चा अध्यक्ष विपुल मेंदोली को प्रदेश सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

महामंत्री परिहार ने कहा कि अभियान के तहत प्रत्येक बूथ पर न्यूनतम 50 पौधे लगाए जाएंगे। वृक्षारोपण से पहले स्थान चयन, गड्ढों की खुदाई और पौधों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। पौधों की सुरक्षा और देखरेख के लिए कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।

उन्होंने बताया कि सांसद अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों में न्यूनतम 10 और विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, मेयर, नगर निकाय अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख अपने क्षेत्रों में कम से कम 15 वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं और आमजन से अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि हरेला उत्तराखंड की प्रकृति संरक्षण की समृद्ध परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देकर पर्यावरण संरक्षण में सभी को योगदान देना चाहिए।

---

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय