home page

राहुल गांधी के बयान के विरोध में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ने फूंका पुतला

 | 
राहुल गांधी के बयान के विरोध में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ने फूंका पुतला


हरिद्वार, 31 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा अनुसूचित समाज और भाजपा उत्तराखंड के संबंध में दिए गए कथित भ्रामक एवं आपत्तिजनक बयानों के विरोध में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को हरिद्वार में प्रदर्शन किया। लक्सर रोड स्थित भाजपा जिला मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके नेता लगातार अनुसूचित समाज को राजनीतिक रूप से भ्रमित करने तथा भाजपा के प्रति अविश्वास पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी से अपने बयान पर स्पष्टीकरण देने की मांग की।

भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अनुसूचित जाति, जनजाति और वंचित वर्गों के सम्मान, अधिकार एवं सशक्तीकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। शिक्षा, रोजगार, आवास, स्वरोजगार और सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में संचालित योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल को अनुसूचित समाज की भावनाओं का राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने का अधिकार नहीं है।

अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला महामंत्री प्रिंस लोहाट ने कहा कि राहुल गांधी का बयान अनुसूचित समाज के प्रति उनकी सोच को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लंबे समय तक अनुसूचित समाज को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया, जबकि भाजपा ने समाज के सम्मान और सशक्तीकरण को प्राथमिकता दी।

प्रदेश मंत्री अनुसूचित जाति मोर्चा संजीव कुमार ने भी राहुल गांधी से अपने बयानों पर स्पष्टीकरण देने तथा अनुसूचित समाज की भावनाओं का सम्मान करने की मांग की।

इस अवसर पर अश्वनी पाल, संजीव चौधरी, हीरा सिंह बिष्ट, लोकेश पाल, जसबीर बसेड़ा, अभिनव चौहान, लव शर्मा, भूप सिंह, विपिन शर्मा, अनुज त्यागी, प्रशांत चौधरी, अजय बबली, सूर्यकांत सैनी, नवजोत वालिया, सागर, आकाश, संजय कुमार, करण वर्मा, आकाश चौहान सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला