home page

2027 में जनता करेगी फैसला, कांग्रेस की न्याय यात्रा राजनीतिक पाखंड: महेंद्र भट्ट

 | 
2027 में जनता करेगी फैसला, कांग्रेस की न्याय यात्रा राजनीतिक पाखंड: महेंद्र भट्ट


देहरादून, 19 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस की प्रस्तावित न्याय यात्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2027 में जनता के बीच जाने और उसके फैसले का समय आ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विकास के मुद्दों पर जनता के बीच जाने के बजाय झूठ, भ्रम और अफवाहों की राजनीति कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की न्याय यात्रा का हश्र भी पिछली यात्रा जैसा होगा।

महेंद्र भट्ट ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि प्रदेश की जनता डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में हो रहे विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का अनुभव कर रही है। इसके विपरीत विपक्ष की नकारात्मक राजनीति भी उसके सामने है। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर पहले निकाली गई कांग्रेस की न्याय यात्रा के प्रति भी जनता ने अपेक्षित समर्थन नहीं दिखाया था। उनके अनुसार, उस समय तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा की गढ़वाल क्षेत्र को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद हुआ था और उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी पड़ी थी।

उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई जा चुकी है और परिजनों की मांग पर सीबीआई जांच भी हो रही है। ऐसे में दोबारा न्याय यात्रा निकालने के कांग्रेस के फैसले पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उनके मुताबिक, राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई, नकल विरोधी कानून और भर्ती प्रक्रिया में सुधार के साथ युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़े हैं। उन्होंने दावा किया कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या 60 लाख के आंकड़े को पार करने के करीब है और राज्य की प्रति व्यक्ति आय में भी वृद्धि हुई है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगारोधी कानून जैसे फैसलों से उत्तराखंड ने देश में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जिन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाने की तैयारी कर रही है, उन्हीं मुद्दों पर जनता पहले ही उसे सत्ता से बाहर कर चुकी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और संगठन लगातार जनता के बीच जाकर अपने कामकाज के लिए समर्थन मांग रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को आशीर्वाद देगी और कांग्रेस की न्याय यात्रा राजनीतिक रूप से सफल नहीं होगी।

____________

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय