home page

सैनिकों के अपमान पर कांग्रेस माफी मांगे : कोठियाल

 | 
सैनिकों के अपमान पर कांग्रेस माफी मांगे : कोठियाल


देहरादून, 06 अगस्त (हि.स.)। पूर्व सैनिक कल्याण सलाहकार परिषद के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता कर्नल अजय कोठियाल ने गुरूवार काे कांग्रेस पर पूर्व सैनिकों के अपमान का आरोप लगाते हुए माफी मांगने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना को लेकर आयोजित कांग्रेस की पत्रकार वार्ता में पूर्व सैनिकों के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह निंदनीय है।

कर्नल कोठियाल ने कहा कि कांग्रेस की पत्रकार वार्ता की तस्वीरों में मंच पर पार्टी नेताओं और प्रवक्ताओं को स्थान दिया गया, जबकि जिन पूर्व सैनिकों के मुद्दों को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया था, वे पीछे खड़े दिखाई दिए। उन्होंने इसे सैनिकों का अपमान बताते हुए कहा कि सैनिकों के सम्मान की बात करने वाली कांग्रेस को पहले अपने व्यवहार पर विचार करना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अग्निवीर योजना और सैनिकों के भविष्य को लेकर भ्रम फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार सेना के आधुनिकीकरण, सीमाओं की सुरक्षा और सैनिकों के कल्याण के लिए लगातार कदम उठा रही है।

कर्नल कोठियाल ने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने अग्निवीरों के सम्मान और भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया है। साथ ही कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के लिए तैयार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने वन रैंक वन पेंशन लागू कर पूर्व सैनिकों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा किया है। साथ ही रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देकर देश को मजबूत बनाया जा रहा है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में सेना के आधुनिकीकरण और सैनिक सुविधाओं की अनदेखी की गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सैनिकों के मुद्दों पर राजनीति करने से पहले पूर्व सैनिकों से अपने व्यवहार के लिए माफी मांगनी चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय