home page

मुख्यमंत्री ने बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की फिर घोषणा की

 | 
मुख्यमंत्री ने बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की फिर घोषणा की


देहरादून, 27 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लालकुआं क्षेत्र के विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट के अनुरोध पर विधानसभा क्षेत्र लालकुआं अंतर्गत बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाए जाने संबंधी पूर्व में विलोपित घोषणा को पुनः जीवित किए जाने का अनुमोदन कर दिया है।

राजस्व विभाग के अनुसार, पूर्व में मुख्यमंत्री की ओर से ग्राम बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम घोषित किए जाने की घोषणा की गई थी। हालांकि उक्त क्षेत्र वन क्षेत्रांतर्गत स्थित होने के कारण वन विभाग के माध्यम से भारत सरकार से अनापत्ति प्राप्त करना आवश्यक है। इस प्रक्रिया में विभिन्न विधिक एवं नीतिगत प्रावधानों के कारण समय लगने की संभावना को देखते हुए 01 जुलाई 2025 को आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में उक्त घोषणा को राजस्व विभाग की सूची से विलोपित करने का अनुरोध मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजा गया था,जिसके उपरांत इसे सूची से हटा दिया गया था।

अब मुख्यमंत्री ने पुनर्विचार करते हुए ग्राम बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाए जाने संबंधी घोषणा को पुनर्जीवित करने की स्वीकृति प्रदान की है। इस निर्णय से क्षेत्रवासियों में आशा की नई किरण जगी है तथा लंबे समय से चली आ रही मांग के पूर्ण होने की दिशा में सकारात्मक पहल मानी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय