home page

दुर्गागढ़ जंगल में बाइकर्स का हुड़दंग, पुलिस ने कसा शिकंजा, दो बाइक सीज और छह लावारिस में दाखिल

 | 
दुर्गागढ़ जंगल में बाइकर्स का हुड़दंग, पुलिस ने कसा शिकंजा, दो बाइक सीज और छह लावारिस में दाखिल


हरिद्वार, 08 सितंबर (हि.स.)। थाना पथरी क्षेत्र के दुर्गागढ़ जंगल में सड़क पर बाइक से स्टंट और हुड़दंग मचा रहे बाइकर्स के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने कार्रवाई की। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर कई बाइकर्स अपनी मोटरसाइकिलें मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से दो बाइकर्स को पकड़ लिया और उनकी मोटरसाइकिलों को सीज कर दिया।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार दोपहर बाद सूचना मिली थी कि दुर्गागढ़ जंगल में कुछ युवक सड़क पर मोटरसाइकिलों से स्टंट करते हुए हुड़दंग मचा रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना पथरी पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर वहां मौजूद कुछ युवक अपनी मोटरसाइकिलें छोड़कर भाग निकले, जबकि दो बाइकर्स को पुलिस ने पकड़ लिया।

पकड़े गए दोनों बाइकर्स की मोटरसाइकिलों को पुलिस ने सीज कर दिया। वहीं, मौके पर खड़ी छह अन्य मोटरसाइकिलों को थाने लाकर लावारिस में दाखिल किया गया है। पुलिस द्वारा वाहन स्वामियों की पहचान और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सड़कों पर यातायात नियमों का उल्लंघन कर स्टंट या हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला