home page

रासायनिक रिसाव की काल्पनिक स्थिति पर हुआ समन्वित अभ्यास

 | 
रासायनिक रिसाव की काल्पनिक स्थिति पर हुआ समन्वित अभ्यास


रासायनिक रिसाव की काल्पनिक स्थिति पर हुआ समन्वित अभ्यास


देहरादून, 27 मार्च (हि.स.)। सेना ने नागरिक प्रशासन की ओर से संयुक्त रूप से आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों के साथ समन्वय करते हुए बिरपुर छावनी देहरादून में द्विवार्षिक केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल और न्यूक्लियर (सीबीआरएन) अभ्यास 2025–27 का आयोजन किया गया। इस दौरान आपदा तैयारियों को परखते हुए रासायनिक रिसाव की काल्पनिक स्थिति पर समन्वित अभ्यास हुआ।

कर्नल मनीष श्रीवास्तव, जनसंपर्क अधिकारी (रक्षा), देहरादून, उत्तराखंड ने शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस संयुक्त अभ्यास का उद्देश्य खतरनाक पदार्थों से जुड़ी आपात स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय, संचार और तैयारी को सुदृढ़ करना था।

अभ्यास में भारतीय सेना की टीमों के साथ राज्य आपदा मोचन बल, सिविल पुलिस, फायर ब्रिगेड एवं चिकित्सा टीमों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने आपात परिस्थितियों में समन्वित कार्रवाई, त्वरित निर्णय-निर्माण और संचार तंत्र का व्यावहारिक अभ्यास किया।

अभ्यास के दौरान एक औद्योगिक इकाई में रासायनिक रिसाव की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई, जिसके आधार पर प्रतिक्रिया प्रणाली का परीक्षण किया गया। सेना की टीमों ने प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए प्रदूषण नियंत्रण के उपाय लागू किए, जबकि चिकित्सा टीमों ने घायलों के सुरक्षित निष्कासन और उपचार का अभ्यास किया। वहीं एसडीआरएफ, पुलिस और फायर ब्रिगेड ने बचाव, अग्निशमन, क्षेत्र सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाली।

इस दौरान विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वित कार्यप्रणाली ने जटिल आपात स्थितियों से निपटने की उच्च स्तरीय तैयारियों को प्रदर्शित किया। अभ्यास से भविष्य में आपदा प्रतिक्रिया प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय