खनन अधिकारी और यूकेडी जिलाध्यक्ष के बीच तीखी नोकझोंक, अवैध मिट्टी उठान को लेकर बढ़ा विवाद
हरिद्वार, 24 जून (हि.स.)। मोतीचूर क्षेत्र में नाले की खुदाई से निकली मिट्टी के कथित अवैध उठान को लेकर मंगलवार को जिला खनन अधिकारी और उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के जिलाध्यक्ष के बीच तीखी बहस हो गई। विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।
जानकारी के अनुसार, यूकेडी के जिलाध्यक्ष गोकुल सिंह रावत ने प्रशासन को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि मोतीचूर रेलवे स्टेशन के बाहर नाले की खुदाई से निकली मिट्टी बिना अनुमति के उठाकर एक आश्रम की खाली भूमि में डाली जा रही है। जबकि इस मिट्टी का उपयोग हाईवे निर्माण कार्य में किया जाना था।
शिकायत पर संज्ञान लेते हुए डीएम मयूर दीक्षित ने जांच के निर्देश दिए, जिसके बाद जिला खनन अधिकारी काजिम रजा मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान गोकुल सिंह रावत और खनन अधिकारी के बीच कहासुनी और तीखी नोकझोंक हुई।
गोकुल सिंह रावत का आरोप है कि जांच करने के बजाय अधिकारी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया,बल्कि मौके पर मौजूद एक मीडियाकर्मी से नाराज होकर खनन अधिकारी ने उसका मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया।
रावत ने कहा कि उन्होंने स्वयं को राज्य आंदोलनकारी और यूकेडी का जिलाध्यक्ष बताते हुए कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन अधिकारी ने उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया और बिना उचित पैमाइश के ही लौट गए।
वहीं जिला खनन अधिकारी काजिम रजा ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें बिना अनुमति मिट्टी उठाने की शिकायत मिली थी, जिसके बाद उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर जांच की। उनके अनुसार, उठाई गई मिट्टी की पैमाइश कराई गई है और रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

