home page

हरित पर्यावरण भविष्य की आधारशिला है : रंजन

 | 
हरित पर्यावरण भविष्य की आधारशिला है : रंजन


हरिद्वार, 04 जुलाई (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में, बीएचईएल हरिद्वार में 05 से 04 जुलाई तक मनाए गए, पर्यावरण माह का आज समापन हुआ । इस उपलक्ष्य में नवीन अभियांत्रिकी भवन सभागार में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार ने कहा कि स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है ।

उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग तथा सतत विकास के प्रति सभी कर्मचारियों एवं उनके परिजनों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की । उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस अथवा माह तक सीमित गतिविधि नहीं है, बल्कि हमें इसे अपने दैनिक जीवन में एक सतत प्रक्रिया के रूप में अपनाना चाहिए ।

महाप्रबंधक (पीसीआरआई) अमित श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए, पर्यावरण जागरूकता माह के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों पर प्रकाश डाला । समारोह में पर्यावरण माह के दौरान आयोजित की गई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी, मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया । कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण से संबंधित एक प्रदर्शनी भी आयोजित की गई ।

इस अवसर पर महाप्रबंधकगण, पीसीआरआई व स्वास्थ्य, सुरक्षा और पर्यावरण (एचएसई) विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा यूनियन एवं एसोसिएशन प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे ।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला