home page

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जगाया देशभक्ति का जज्बा

 | 
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जगाया देशभक्ति का जज्बा


हरिद्वार, 13 अगस्त (हि.स.)। 80 वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बीएचईएल हरिद्वार में स्कूली बच्चों के लिए देशभक्तिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के बाल कलाकारों ने गीत, नृत्य और नाटिकाओं के माध्यम से देशप्रेम और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं बीएचईएल हरिद्वार लेडीज क्लब की संरक्षिका श्रीमती नंदन कुमारी और विशिष्ट अतिथि कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर नंदन कुमारी ने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनके माध्यम से बच्चों में देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रप्रेम केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि हमारे व्यवहार और कार्यों में भी दिखाई देना चाहिए।

कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बाल कलाकारों ने अपनी कला के माध्यम से देश के प्रति प्रेम और उत्साह को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में बीएचईएल उपनगरी के बाल मंदिर, विद्या मंदिर, डीपीएस, केंद्रीय विद्यालय, सरस्वती शिशु मंदिर, गुरुनानक एकेडमी, शिवडेल स्कूल और सरस्वती विद्या मंदिर के बच्चों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने देशभक्तिपूर्ण गीतों, नृत्य और नाटिकाओं की प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में रंग भर दिया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति नागरिक जिम्मेदारियों का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर बीएचईएल के महाप्रबंधकगण, सीआईएसएफ अधिकारी, लेडीज क्लब के पदाधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, अभिभावक और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अपर महाप्रबंधक निखिल वर्मा ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला