बौद्धिक एवं सांस्कृतिक विकास के बिना विकसित राष्ट्र की परिकल्पना अधूरी: प्रो. बत्रा
हरिद्वार, 21 नवंबर (हि.स.)।एस.एम.जे.एन. (पी.जी.) कॉलेज में विद्या भारती द्वारा अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित भारतीय बौद्धिक परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। परीक्षा में विभिन्न संकायों के 98 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर प्राचार्य एवं परीक्षा केंद्र प्रभारी प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि यह परीक्षा विद्यार्थियों को देश की समृद्ध ज्ञान परंपरा, सांस्कृतिक विरासत, महापुरुषों के विचारों और भारतीय जीवन मूल्यों से परिचित कराने का सराहनीय प्रयास है। शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक ज्ञान नहीं, बल्कि तार्किक चिंतन, नैतिक मूल्य, राष्ट्रीय चेतना और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करना है। बौद्धिक एवं सांस्कृतिक विकास के बिना विकसित राष्ट्र की परिकल्पना अधूरी है।
नोडल अधिकारी डॉ. विजय शर्मा ने कहा कि यह परीक्षा विद्यार्थियों को भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा, इतिहास, संस्कृति और दर्शन को समझने का अवसर देती है। अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ना आज अत्यंत आवश्यक है।
परीक्षा के आयोजन में केंद्र उपप्रभारी प्रो. जगदीश चन्द्र आर्य, रिंकल गोयल, रिचा मिनोचा, वैभव बत्रा, अंकित बंसल एवं कविता छाबड़ा का सहयोग रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

