भारत विकास परिषद की प्रवास बैठक में सेवा कार्यों पर जोर
हरिद्वार, 05 अक्टूबर (हि.स.)। भारत विकास परिषद उत्तराखंड पश्चिम प्रांत की ओर से जनपद स्तरीय सभी आठ शाखाओं की प्रवास बैठक ज्वालापुर स्थित एक होटल में आयोजित की गई।
बैठक में राष्ट्रीय संयोजक सेवा अजय विश्नोई ने कहा कि परिषद पिछले 63 वर्षों से समाज में सेवा और संस्कार के कार्य कर रही है। दीन-दुखियों की सेवा ही सच्चा धर्म है।
परिषद अपने स्थायी और नियमित प्रकल्पों के माध्यम से वंचित और पीड़ित लोगों की सेवा के साथ संस्कार देकर समर्थ, सशक्त और संस्कारित भारत बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव डॉ. सत्येंद्र मित्तल ने कहा कि सेवा के लिए बड़े कार्य ही जरूरी नहीं हैं। शाखाएं छोटे-छोटे सेवा कार्य कर भी जरूरतमंदों की मदद कर सकती हैं। क्षेत्रीय गतिविधि संयोजक डॉ. संगीता सिंह ने विभिन्न शाखाओं द्वारा किए गए सेवा कार्यों की जानकारी ली।
बैठक की अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. मनीषा सिंघल ने की और संचालन प्रांतीय महासचिव डॉ. संजय गर्ग ने किया।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष ललित पांडेय, रश्मि चौहान, संगठन सचिव निखिल वर्मा, प्रचार-प्रसार संयोजक एडवोकेट कुशल पाल सिंह चौहान, प्रांतीय सेवा संयोजक शोभा सिंह, विपिन जोशी, राजेंद्र सिंह राणा, संजीव लाम्भा, सुरेश जैन, ए.के. श्रीवास्तव, आशुतोष शर्मा सहित सभी शाखाओं के अध्यक्ष, सचिव और सेवा संयोजक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

