भारत विकास परिषद भेल शाखा की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण
हरिद्वार, 18 जुलाई (हि.स.)। भारत विकास परिषद बीएचईएल (भेल) शाखा की नवनियुक्त कार्यकारिणी ने शुक्रवार देर शाम चंद्राचार्य चौक स्थित एक होटल में आयोजित समारोह में पदभार ग्रहण किया। कार्यक्रम में पदग्रहण के साथ कार्यशाला का भी आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि प्रान्तीय अध्यक्षा मनीषा सिंघल ने कहा कि भारत विकास परिषद एक गैर-राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संगठन है जिसका उद्देश्य समाज और राष्ट्र का सर्वांगीण विकास है। उन्होंने कहा कि परिषद देशभर में स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर, शिक्षा और जरूरतमंदों की सहायता के साथ पर्यावरण संरक्षण के कार्य भी कर रही है।
कार्यक्रम के अधिष्ठापन अधिकारी प्रान्तीय उपाध्यक्ष ललित पांडे ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रति समर्पण से ही समाज की सच्ची सेवा की जा सकती है। प्रान्तीय प्रचार-प्रसार संयोजक कुशल पाल सिंह चौहान ने सदस्यों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया। प्रसिद्ध वैद्य एम. आर. शर्मा ने भेल शाखा के जनकल्याण कार्यों की सराहना की।
नवनियुक्त अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि वे पूरी निष्ठा से दायित्व निभाते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। इस अवसर पर सुरेश जैनर को सचिव, सुबोध शर्मा को कोषाध्यक्ष और सुशीला शर्मा को महिला सहभागिता का दायित्व सौंपा गया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ सदस्य नरेश जैनर ने किया।
समारोह में पूर्व प्रान्तीय अध्यक्ष आदर्श पाल सिंह तोमर, जगदीश लाल पाहवा, विजय सेठी, सुखपाल राणा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

