home page

बेलुवाखान में 13 फुट लंबा अजगर पकड़ा, जंगल में छोड़ा

 | 
बेलुवाखान में 13 फुट लंबा अजगर पकड़ा, जंगल में छोड़ा


नैनीताल, 20 अगस्त (हि.स.)। नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेलुवाखान के पास आबादी क्षेत्र में पिछले तीन-चार दिनों से दिखाई दे रहे 13 फुट लंबे अजगर को वन विभाग की टीम ने सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया। विशाल अजगर के आबादी के पास दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल था।

ग्रामीणों के अनुसार, अजगर खेल मैदान के पास लगातार दिखाई दे रहा था। कई दिनों तक उसके स्वयं जंगल की ओर लौटने का इंतजार किया गया, लेकिन आबादी क्षेत्र में उसके बने रहने पर वन विभाग को सूचना दी गई। इसके बाद सर्प विशेषज्ञ निमिष दानू अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किया।

निमिष दानू ने बताया कि पकड़ा गया सांप रॉक पाइथन यानी अजगर है। रेस्क्यू के बाद उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। अभियान के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्राम प्रधान की ओर से निमिष दानू को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

गौरतलब है कि इससे पहले ओखलकांडा के हरीशताल क्षेत्र में 15 फुट लंबे और करीब 55 किलोग्राम वजनी अजगर द्वारा एक वयस्क कुत्ते को निगलने की घटना सामने आई थी। पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार विशाल अजगरों के दिखाई देने से वन्यजीवों की गतिविधियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। क्षेत्र में किंग कोबरा की मौजूदगी भी पहले दर्ज की जा चुकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी