हरिद्वार से श्री हेमकुंड साहिब रवाना हुआ बेल्जियम का 84 सदस्यीय सिख श्रद्धालुओं का जत्था
हरिद्वार, 21 जुलाई (हि.स.)। देश-विदेश से आए सिक्ख एजुकेशन बेल्जियम के 84 सदस्यीय श्रद्धालुओं का जत्था मंगलवार को श्री हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए हरिद्वार से रवाना हुआ। यात्रा से पहले कनखल स्थित निर्मल संतपुरा गुरुद्वारा में विशेष कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया, जहां संत जगजीत सिंह शास्त्री ने जत्थे का गर्मजोशी से स्वागत किया।
कीर्तन दरबार के दौरान संस्था के विद्यार्थियों ने गुरबाणी और शब्द-कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को भाव-विभोर कर दिया। जत्थे में बेल्जियम, जर्मनी, म्यांमार और भारत से आए कुल 84 श्रद्धालु शामिल हैं। इस अवसर पर संत जगजीत सिंह शास्त्री ने कहा कि सिक्ख एजुकेशन बेल्जियम संस्था विदेशों में रह रहे सिख समाज के बच्चों को निःशुल्क पंजाबी भाषा, गुरबाणी और सिख इतिहास की शिक्षा देकर अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि अपनी संस्कृति, धर्म और गुरुओं की शिक्षाओं को कभी नहीं भूलना चाहिए। सिख इतिहास सेवा, समर्पण और मानवता का संदेश देता है। उन्होंने बच्चों को बचपन से ही गुरुद्वारों से जोड़ने तथा सुखमनी साहिब, जपजी साहिब, नितनेम, शब्द-कीर्तन और कथा का ज्ञान देने पर जोर दिया।
जत्थे की अगुवाई कर रहीं हरप्रीत कौर ने बताया कि संस्था के सभी 84 सदस्य पहली बार श्री हेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए आए हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले सभी श्रद्धालु पांच तख्त साहिब के दर्शन कर चुके हैं और अब श्री हेमकुंड साहिब की पवित्र यात्रा पर रवाना हुए हैं।
इस दौरान गुरविंदर सिंह, रीता कौर, कमलप्रीत कौर, टॉमी सिंह, चरणजीत कौर, गुरबाणी कौर, जसविंदर कौर, गुरवीर सिंह, अनूप सिंह, पुनीत कौर, राजीव सिंह, हरप्रीत सिंह, सुखवीर सिंह, बलविंदर सिंह, ज्ञानी पंकज सिंह, अपनिंदर कौर, सरबजीत कौर आदि श्रद्धालु व संगत मौजूद रही।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

