हरकी पैड़ी पर श्रद्धालुओं को परेशान करने के आरोप में 31 लोग गिरफ्तार
हरिद्वार, 15 अक्टूबर (हि.स.)। हरकी पैड़ी क्षेत्र में गंगा स्नान को आ रहे श्रद्धालुओं का रास्ता रोककर जबरन भीख मांग कर परेशान करने वाले 31 भिक्षुकों को कोतवाली नगर पुलिस ने आज गिरफ्तार किया है। सभी के विरुद्ध भिक्षावृत्ति अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई जारी है।
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हरकी पैड़ी क्षेत्र में घाटों को जाने वाले मुख्य मार्गों पर अभियान चलाया।
पुलिस के अनुसार गंगा स्नान के लिए हरिद्वार आ रहे श्रद्धालुओं से कुछ भिक्षुक जबरन भीख मांगकर उन्हें तंग कर रहे थे। शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 31 भिक्षुकों को हिरासत में लिया।
सभी आरोपियों के विरुद्ध भिक्षुक अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई जारी है।
अभियान के दौरान पुलिस ने श्रद्धालुओं को भीड़ में चोरी की घटनाओं से सतर्क रहने के लिए भी जागरूक किया और उनसे अपने मोबाइल, पर्स, ज्वेलरी और अन्य कीमती सामान का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा के साथ उप निरीक्षक अंशुल अग्रवाल और उप निरीक्षक राधाकृष्ण रतूड़ी शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

