रायवाला में 500 किलो गौमांस बरामद, तस्करी के आरोप में एक गिरफ्तार
देहरादून, 23 जुलाई (हि.स.)। देहरादून जिले की रायवाला पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान गौमांस तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 500 किलोग्राम गौवंशीय मांस बरामद किया है। तस्करी में प्रयुक्त वैन को भी सीज कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद में अवैध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को को रायवाला पुलिस नेपाली फार्म तिराहे पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर हरिद्वार की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार वैन को रोकने का प्रयास किया गया।
पुलिस को देखकर चालक वाहन लेकर छिद्दरवाला की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो तेज रफ्तार वैन सड़क पर चल रहे एक ट्रक के पीछे से टकरा गई। हादसे के बाद चालक वाहन में फंस गया, जिसे पुलिस टीम ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखे 10 कट्टों से करीब 500 किलोग्राम मांस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मौ. अमन पुत्र मौ. सलीम निवासी पटेलनगर, देहरादून बताया। आरोपी ने बताया कि वह बरामद मांस को बिजनौर निवासी फरमान से लेकर देहरादून में अलग-अलग स्थानों पर सप्लाई करने जा रहा था। उसके साथ चल रहे दो अन्य साथी पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने बरामद मांस की पुष्टि के लिए पशु चिकित्साधिकारी ऋषिकेश को मौके पर बुलाया। परीक्षण के बाद मांस को गौवंशीय मांस होने की पुष्टि की गई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना रायवाला में मुकदमा संख्या 130/2026 के तहत उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम की धारा 3/5/11 में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

