गन्ने के खेत में गौकशी का खुलासा, पांच आरोपित फरार
हरिद्वार, 12 जुलाई (हि.स.)। हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में गौकशी का एक बड़ा मामला सामने आया है। कोतवाली लक्सर पुलिस ने ग्राम रणसूरा के गन्ने के खेत में छापेमारी कर करीब 150 किलोग्राम गौवंशीय मांस बरामद किया है। मौके से गौकशी में प्रयुक्त पांच लोहे की छुरियां और तीन कुल्हाड़ियां भी बरामद हुई हैं। हालांकि पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपितगन्ने के घने खेतों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार फरार आरोपितों की पहचान आजाद, गुलजार, हारून, साकिब और सावेज, सभी निवासी ग्राम रणसूरा, के रूप में हुई है। सूचना के आधार पर रविवार को की गई छापेमारी में खेत से बड़ी मात्रा में संदिग्ध मांस और गौकशी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए।
मौके पर पहुंचे पशु चिकित्साधिकारी ने प्रथम दृष्टया बरामद मांस को गौवंशीय बताया। पुलिस ने जांच के लिए मांस के नमूने सुरक्षित रख लिए हैं, जबकि शेष अवशेषों का नियमानुसार निस्तारण कराया गया। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि नामजद आरोपियों के खिलाफ उत्तराखंड गौवंश संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

