home page

गौकशी करते दो गिरफ्तार, 200 किलो गौमांस व उपकरण बरामद

 | 
गौकशी करते दो गिरफ्तार, 200 किलो गौमांस व उपकरण बरामद


हरिद्वार, 02 मई (हि.स.)। जनपद में गौकशी जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना पिरान कलियर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को मौके से गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार होने में कामयाब रहा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जनपद में गौकशी, पशु कटान पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कराने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज सुबह थाना पिरान कलियर पुलिस टीम गश्त के दौरान नहर पटरी, जय माता ब्रिक फील्ड के पास बाजूहेड़ी क्षेत्र में पहुंची।

गश्त के दौरान नहर किनारे खेतों में झाड़ियों के बीच कुछ व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई की, जिसमें तीन व्यक्ति गौकशी करते हुए पाए गए। पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपित मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने मौके से लगभग 200 किलोग्राम गौमांस और गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। इस संबंध में थाना पिरान कलियर में मुकदमा पंजीकृत कर आरोपितों का चालान कर दिया है।

गिरफ्तार आरोपितों के नाम पते तस्लीम पुत्र ताहिर (उम्र 22 वर्ष) व मोहम्मद शादाब पुत्र ताहिर (उम्र 19 वर्ष), निवासीगण माही ग्राम मच्छी मोहल्ला, थाना कोतवाली रुड़की, जिला हरिद्वार बताए गए हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जनपद में इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला