home page

फसलों की रोपाई से पूर्व सिंचाई व्यवस्था सुनिश्चित करें विभाग : डीएम

 | 
फसलों की रोपाई से पूर्व सिंचाई व्यवस्था सुनिश्चित करें विभाग : डीएम


उत्तरकाशी, 07 मार्च (हि.स.)। पुरोला में हुई पहली क्षेत्र पंचायत बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा,सिंचाई, लोनिवि सहित विभिन्न विभागों के मुद्दों सदन में छाये रहे। बैठक में क्षेत्र के विकास के साथ ही जन समस्याओं के निस्तारण को लेकर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के मध्य सौहार्दपूर्ण माहौल में विभिन्न विभागीय मुद्दों पर चर्चा रचनात्मक हुई।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि बीडीसी बैठक जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच समन्वय का महत्वपूर्ण मंच है। योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे, यही हमारी प्राथमिकता है । इसके साथ ही जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सदन में उठाऐ गए मामलों पर मौके पर जाकर योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।

शनिवार को ब्लॉक प्रमुख पुरोला निशिता शाह की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य,मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, एसडीएम पुरोला मुकेश चन्द रमोला सहित तमाम विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियो ने भी भाग लिया।

ब्लॉक प्रमुख निशिता शाह ने कहा कि ब्लॉक मुख्यालय में आयोजित बीडीसी बैठक में क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े सभी महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में कविता शाह जिला पंचायत सदस्य द्वारा बणाई ग्राम पंचायत के सैंज गांव को जल जीवन मिशन से अभी तक नहीं जोड़े जाने की समस्या से अवगत कराया गया जिसपर जिलाधिकारी द्वारा जल निगम को तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिये। ग्राम प्रधान गुंदियाट गांव कमल नयन द्वारा गांव में जलापूर्ति की समस्या के समाधान करने की मांग उठाई गई जिस पर जिलाधिकारी द्वारा पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिये एवं बताया कि सारा योजना के तहत कमल नदी व अन्य जलस्त्रोतों को पुनः रिचार्ज करने के लिए अगले तीन वर्षों के लिए शासन से 12.5 करोड़ रुपए स्वीकृत हो गए हैं। जिससे क्षेत्र के 66 गांव की जल समस्या का समाधान करने में सहायता मिलेगी।

प्रधान संघ अध्यक्ष त्रिलोक बिजल्वाण ने पोरा गांव में स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालय निर्माण नहीं होने की समस्या से नाराजगी जताई है। जिलाधिकारी द्वारा पर्यावरण विशेषज्ञ स्वजल प्रताप माटुडा को मामले को गंभीरता से लेने के लिए कहा गया तथा पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने वाले सभी मामलों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिये। सिंचाई विभाग की चर्चा में क्षे.प.स कंताड़ी रूकम सिंह व प्रधान यशवंत सिंह ने रोपाई से पहले नहरों का दुरस्त करनें व लघु सिंचाई को मरम्मत मदों पर धन मुहैया करानें का मुद्दा उठाया जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करनें के निर्देश दिए। ईई सिंचाई पन्नी लाल ने कहा की पूरे क्षेत्र की नहर के मरम्मत जीर्णोद्धार का प्राक्कलन शासन को भेजा गया जिसके सापेक्ष तीन करोड़ रुपए अवमुक्त भी हो गये हैं व रोपाई से पहले नहरों के वैकल्पिक व्यवस्था करनें का प्रयास किया जा रहा है।

सदन में पूर्व विधायक मालचंद ने सभी सदस्यों को सिंचाई व अन्य योजनाओं को लेकर नाबार्ड से बजट स्वीकृत करानें का भरोसा दिया। सदन में मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने फसलों की सुरक्षा को सुअरों के रास्ते में घेरवाड़ पर विशेष ध्यान देनें व भविष्य में पेयजल संकट के समाधान को कमल नदी पानी के रिसोर्स को लेकर नदी मूल स्रोतों के दोनों तरफ पेड़ लगाकर चार व पांच वर्षों में संयुक्त टीम बनाकर वृहद योजना पर जल्द काम शुरू होने की जानकारी दी।

बैठक में पूर्व विधायक मालचंद शाह, ज्येष्ठ प्रमुख महावीर रावत,कनिष्ठ प्रमुख रिक्की शर्मा,गोपाल अवस्थी, जिला पंचायत सदस्य कविता शाह,शोभा बोरियान, समस्त ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य, पीडी डीआरडीए अजय सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी शैलेंद्र अमोली, सीएचओ रजनीश सिंह, बीडीओ सुरेश चौहान सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / चिरंजीव सेमवाल