home page

अमेरिकन आश्रम की करोड़ों की संपत्ति पर संग्राम! भाजपा पार्षद ने मांगी उच्चस्तरीय जांच

 | 

हरिद्वार, 17 अगस्त (हि.स.)। भूपतवाला स्थित अमेरिकन आश्रम और स्वामी देवानंद ट्रस्ट की करोड़ों रुपये की धार्मिक संपत्ति को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। भाजपा पार्षद सुनीता शर्मा ने आश्रम की संपत्ति की कथित खुर्द-बुर्द, बिक्री, हस्तांतरण और निर्माण संबंधी गतिविधियों को लेकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

पार्षद सुनीता शर्मा का आरोप है कि आश्रम की बेशकीमती संपत्ति को जिला न्यायालय की अनुमति के बिना बेचने अथवा हस्तांतरित करने की कार्रवाई की गई। उनका कहना है कि धार्मिक एवं सार्वजनिक ट्रस्ट की संपत्तियों के संबंध में निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जाना आवश्यक है और यदि नियमों की अनदेखी हुई है तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

मामला उस समय और अधिक गरमा गया, जब आरोप लगाए गए कि संपत्ति के नए क्रेताओं की ओर से कांवड़ यात्रा के दौरान रातों-रात चारदीवारी कर भूमि पर कब्जे का प्रयास किया गया। इसके अलावा आश्रम की भूमि से रास्ता निकालने तथा कथित रूप से अवैध दुकानों के निर्माण की तैयारी किए जाने के भी आरोप सामने आए हैं। इन आरोपों के बाद स्थानीय लोगों और संत समाज में भी नाराजगी व्यक्त की।

भाजपा पार्षद सुनीता शर्मा ने जिलाधिकारी हरिद्वार और धर्मस्व विभाग से मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कथित अवैध बिक्री और हस्तांतरण की जांच, दोषी पाए जाने वाले ट्रस्ट पदाधिकारियों एवं संबंधित क्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई तथा आश्रम की भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला