home page

संदेह के आधार पर 8 खाद्य पदार्थाें के सैंपल जांच के लिए भेजे

 | 
संदेह के आधार पर 8 खाद्य पदार्थाें के सैंपल जांच के लिए भेजे


नई टिहरी, 21 अगस्त (हि.स.)। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और एनालॉग पनीर सहित गैर-दुग्ध उत्पादों के अनधिकृत प्रयोग पर रोक लगाने के उद्देश्य से सघन चेकिंग अभियान चलाया। शुक्रवार को ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर मुनिकीरेती, तपोवन, ब्यासी, शिवपुरी, तीनधारा में स्थित विभिन्न होटल, रेस्टोरेंटों, बेकर्स और अन्य प्रतिष्ठानों में संचालित किचन, स्टोर का निरीक्षण कर खाद्य निर्माण में प्रयुक्त दुग्ध पदार्थों के वास्तविक स्रोत, अन्य कच्चे माल की खरीद व बिल, निर्माण प्रक्रिया में प्रयुक्त सामग्री, उत्पादों की लेबलिंग व पैकेजिंग, बैच नंबर, निर्माण तिथि सहित आवश्यक घोषणाओं की जांच की गई।

वहीं किचन में साफ-सफाई एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अलोहा, रोजेट और होटल ताज जैसे प्रतिष्ठानों के किचन एवं स्टोर में खाद्य पदार्थों के भंडारण की स्थिति, एफआईएफओ (फर्स्ट इन-फर्स्ट आउट) प्रणाली के अनुपालन, खाद्य निर्माण में प्रयुक्त पानी की जांच रिपोर्ट तथा किचन में कार्यरत कर्मचारियों के चिकित्सीय परीक्षण संबंधी अभिलेखों की भी जांच की गई। टीम ने संचालकों को किचन में स्वच्छता बनाए रखने और एफआईएफओ प्रणाली का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। टीम ने संदेह के आधार पर इन प्रतिष्ठानों से दाल, आटा, पोहा, सब्जी, चीनी, मैदा एवं बेकरी उत्पाद के कुल सैंपल जांच के लिए लैब को भेजे हैं। जांच रिपोर्टआने के बाद विभाग की ओर से अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण टीम में उपायुक्त गढ़वाल मंडल राजेंद्र सिंह रावत, सहायक आयुक्त खाद्य प्रमोद रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी बलवंत चौहान मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी