home page

हर की पैड़ी क्षेत्र में प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ छापेमारी

 | 

हरिद्वार, 30 जुलाई (हि.स.)। कांवड़ यात्रा के दौरान हर की पैड़ी और अन्य घाटों को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त रखने के लिए नगर निगम ने प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में नगर निगम की टीम ने हर की पैड़ी के निकट सुभाष घाट पर कार्रवाई करते हुए करीब 70 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त की है।

नगर निगम के मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा ने बताया कि बुधवार और गुरुवार को किए गए निरीक्षण के दौरान सुभाष घाट के पास बड़ी मात्रा में प्लास्टिक की सीट और कैरी बैग लावारिस अवस्था में पड़े मिले। टीम ने आसपास पूछताछ की, लेकिन सामग्री पर किसी ने दावा नहीं किया और न ही संबंधित व्यक्ति की पहचान हो सकी।

उन्होंने बताया कि बरामद प्रतिबंधित प्लास्टिक को नगर निगम ने कब्जे में ले लिया है। संबंधित व्यक्ति की पहचान होने पर उसके खिलाफ प्लास्टिक प्रतिबंध अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम अधिकारियों ने व्यापारियों, दुकानदारों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करें और कांवड़ मेले को स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने में सहयोग करें।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला