home page

स्वरोजगार योजनाओं के ऋण आवेदनों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

 | 
स्वरोजगार योजनाओं के ऋण आवेदनों के त्वरित निस्तारण के निर्देश


हरिद्वार, 15 मई (हि.स.)। अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने स्वरोजगार योजनाओं से जुड़े लंबित ऋण आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत करने के निर्देश दिए हैं।

शुक्रवार को जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं जिला सलाहकार समिति की बैठक में किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम स्वनिधि, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएमएफएमई और एमएसएमई योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में बैंक अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध और शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।

अपर जिलाधिकारी ने विभागों और बैंकों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर ऋण वितरण प्रक्रिया को सरल और तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने 40 प्रतिशत से कम सीडी रेशियो वाली बैंक शाखाओं को अधिक ऋण वितरण कर लक्ष्य से ऊपर पहुंचाने को कहा।

अग्रणी जिला प्रबंधक दिनेश गुप्ता ने बताया कि 31 मार्च 2026 तक जनपद में प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत 29.64 लाख बचत खाते खोले जा चुके हैं।

प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से 7.06 लाख, जीवन ज्योति बीमा योजना से 1.92 लाख और अटल पेंशन योजना से 1.61 लाख लोग जोड़े गए हैं।

बैठक में वित्तीय समावेशन, डिजिटल बैंकिंग, साइबर सुरक्षा और युवाओं को प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार से जोड़ने पर भी चर्चा की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला