उत्तराखंड को-ऑपरेटिव बैंक में 12.31 लाख रुपये के गबन का आरोपित गिरफ्तार
ऋषिकेश, 10 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड को-ऑपरेटिव बैंक में दैनिक जमा अभिकर्ता के रूप में कार्य करते हुए खाताधारकों से ली गई 12.31 लाख रुपये की धनराशि बैंक में जमा नहीं करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, उत्तराखंड को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, लक्ष्मण झूला रोड, ऋषिकेश के सचिव एवं महाप्रबंधक एसएस राणा ने 24 मई 2026 को कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर दी थी। इसमें आरोप लगाया गया कि बैंक में दैनिक जमा अभिकर्ता के रूप में कार्य करने वाले दीपक बढ़ई ने विभिन्न तिथियों में खाताधारकों से बैंक में जमा करने के लिए धनराशि प्राप्त की, लेकिन उसे बैंक में जमा नहीं किया। इस तरह कुल 12,31,458 रुपये के गबन का आरोप लगाया गया।
तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(5) के तहत मुकदमा संख्या 212/2026 दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र सिंह डोबाल ने पुलिस अधिकारियों को त्वरित साक्ष्य संकलन करते हुए नामजद आरोपित की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपित दीपक बढ़ई (29) पुत्र उमेश बढ़ई, निवासी चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश को नौ सितंबर को विकासनगर के उदयबाग से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

