home page

बनबसा स्टेशन पर अछनेरा-टनकपुर एक्सप्रेस का ठहराव मंजूर

 | 

देहरादून, 06 अगस्त (हि.स.)। केन्द्रीय रेल मंत्रालय ने बनबसा रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 15093/15094 अछनेरा-टनकपुर एक्सप्रेस के नियमित ठहराव को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस कदम से चम्पावत की जनता को बड़ी राहत मिलेगी।

केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजे गए पत्र में इस निर्णय की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री धामी की ओर से जनसुविधा के दृष्टिगत बनबसा रेलवे स्टेशन पर अछनेरा-टनकपुर एक्सप्रेस के ठहराव का अनुरोध किया गया था, जिसे केंद्रीय रेल मंत्री ने स्वीकार करते हुए मंजूरी प्रदान कर दी है।

मुख्यमंत्री धामी ने इस निर्णय पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे सीमांत क्षेत्र के लोगों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, सैनिक परिवारों और श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि बनबसा रेलवे स्टेशन पर इस ट्रेन के ठहराव से कुमाऊं क्षेत्र की रेल संपर्क व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी और स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय