बदरीनाथ धाम में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
बदरीनाथ धाम, 04 सितंबर (हि.स.)। श्री बदरीनाथ धाम में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर धाम में पहुंचे श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों में विशेष उत्साह है। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने पर्व को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है।
जन्माष्टमी के अवसर पर बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ की मौजूदगी में बदरीनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान होंगे। रावल अमरनाथ नंबूदरी, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल और वेदपाठीगण धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराएंगे। अर्धरात्रि में प्रतीकात्मक रूप से भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा।
इस दौरान विशेष आरती और पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। भगवान श्रीकृष्ण को प्रतीकात्मक रूप से पालने में झुलाने के लिए मंदिर परिसर में झूला लगाया गया है। मंदिर के गर्भगृह और परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है तथा भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की पूजा और विशेष भोग की व्यवस्था की गई है।
बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि बदरीनाथ धाम में जन्माष्टमी का विशेष धार्मिक महत्व है। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे तीर्थयात्री भगवान बदरीनाथ के दर्शन के साथ जन्माष्टमी के धार्मिक आयोजनों में भी शामिल हो रहे हैं। श्री बदरीश पंडा पंचायत बदरीनाथ की ओर से शनिवार को भी जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता विपिन तिवारी, प्रभारी अधिकारी युद्धबीर पुष्पवान, प्रशासनिक अधिकारी विवेक थपलियाल, संदीप कपरुवाण, योगंबर नेगी सहित अधिकारी-कर्मचारी, तीर्थ पुरोहित और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण

