home page

सेवा पखवाड़ा: बहुउद्देशीय चिकित्सा शिविर में 122 मरीजों का उपचार

 | 
सेवा पखवाड़ा: बहुउद्देशीय चिकित्सा शिविर में 122 मरीजों का उपचार


हरिद्वार, 13 जुलाई (हि.स.)। सेवा, सुशासन एवं समर्पण के तहत चलाए जा रहे 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' अभियान के अंतर्गत सेवा पखवाड़ा के अवसर पर आज विकासखंड बहादराबाद में बहुउद्देशीय चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 122 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क परामर्श एवं दवाओं का वितरण किया गया।

राजकीय यूनानी चिकित्सालय पिरान कलियर के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सतीश कुमार सिंह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। आयुर्वेद, यूनानी और योग केवल उपचार नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार हैं। नियमित दिनचर्या, संतुलित आहार और योग अपनाकर कई रोगों से बचा जा सकता है।

जिला चिकित्सालय आयुष विंग के चिकित्साधिकारी डॉ. मनीष कुमार गुप्ता ने कहा कि सेवा पखवाड़े के जरिए आमजन को घर-घर तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देना शासन की प्राथमिकता है। आयुर्वेद में रोगों की रोकथाम पर बल है। उन्होंने लोगों से योग, प्राणायाम और ऋतुचर्या अपनाने का आह्वान किया।

इस दौरान दर्जाधारी राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति ने आयुष विभाग के स्टॉल का निरीक्षण कर चिकित्सा सेवाओं की जानकारी ली और विभाग के कार्यों की सराहना की।

शिविर में उपस्थित लोगों को योग, प्राणायाम, दिनचर्या और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में भी जानकारी दी गई। रोगियों ने आयुष चिकित्सा पद्धति के प्रति विश्वास जताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला