ऋषिकुल एलुमनाई मीट में जुटे 350 से अधिक आयुर्वेद विशेषज्ञ, कुंभ में चिकित्सा सुविधाएं बढ़ाने की तैयारी
हरिद्वार, 29 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के ऋषिकुल परिसर में ऋषिकुल स्नातक एवं स्नातकोत्तर एसोसिएशन की ओर से आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय एलुमनाई मीट-कम-वर्कशॉप में देशभर से 350 से अधिक पूर्व विद्यार्थियों, विशेषज्ञों और चिकित्सकों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक की ओर से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। छात्र-छात्राओं की ओर से रंगोली सजाई गई और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया गया।
मदन कौशिक ने कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन एवं वैज्ञानिक चिकित्सा परंपरा है, जिसे आधुनिक आवश्यकताओं और वैज्ञानिक अनुसंधान के अनुरूप आगे बढ़ाना समय की आवश्यकता है। उत्तराखंड सरकार आयुर्वेद के संरक्षण, संवर्धन, शिक्षा, शोध और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने ऋषिकुल महाविद्यालय एवं फार्मेसी के विकास, चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। आगामी कुंभ मेले में श्रद्धालुओं को आयुर्वेदिक चिकित्सा, पंचकर्म, योग एवं स्वास्थ्य परामर्श की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त बजट एवं कार्ययोजना तैयार करने की बात कही।
मंत्री ने बताया कि ऋषिकुल परिसर में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के नाम पर प्राच्य शोध संस्थान की स्थापना की योजना अंतिम चरण में है। इससे आयुर्वेद, योग एवं प्राच्य विद्या से संबंधित शोध को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने आयुर्वेद के इंटर्न विद्यार्थियों को एलोपैथिक विद्यार्थियों के समान मानदेय उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
कुलपति प्रो. अरुण कुमार त्रिपाठी ने कहा कि विश्वविद्यालय आयुर्वेद शिक्षा की गुणवत्ता, अनुसंधान और चिकित्सकीय सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में प्रयासरत है। पूर्व विद्यार्थियों का अनुभव वर्तमान विद्यार्थियों के लिए उपयोगी है।
निदेशक डॉ. रविंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि ऋषिकुल ने देश को अनेक प्रतिष्ठित चिकित्सक, शिक्षक और शोधकर्ता दिए हैं। परिसर निदेशक डॉ. ओ.पी. सिंह ने कहा कि एलुमनाई मीट से पुराने संबंध पुनर्जीवित होंगे और विद्यार्थियों को वरिष्ठ विशेषज्ञों से सीखने का अवसर मिलेगा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रो. बी.के. अग्निहोत्री ने कहा कि एसोसिएशन का उद्देश्य पूर्व विद्यार्थियों को साझा मंच प्रदान करना और आयुर्वेद के विकास में सामूहिक योगदान सुनिश्चित करना है। ड्रग कंट्रोलर डॉ. मिथिलेश कुमार ने औषधियों की गुणवत्ता एवं मानकीकरण के महत्व पर प्रकाश डाला।
समारोह में डॉ. मायाराम उनियाल तथा डॉ. गोपाल कृष्ण गर्ग को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। डॉ. किशोर गोयल ने संस्था के लिए एक लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान बैद्यनाथ, डाबर सहित विभिन्न कंपनियों ने आयुर्वेदिक औषधियों की प्रदर्शनी लगाई। एसोसिएशन के सचिव डॉ. वेद भूषण शर्मा तथा प्रचार सचिव डॉ. अवनीश कुमार उपाध्याय ने कहा कि सम्मेलन में पूर्व विद्यार्थी अपनी सफलता की कहानियां साझा कर नई पीढ़ी का मार्गदर्शन कर रहे हैं। मंच संचालन डॉ. मनीषा एवं डॉ. पारुल शर्मा ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

