home page

आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का समापन, तीसरे दिन 110 रोगियों ने लिया लाभ

 | 
आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का समापन, तीसरे दिन 110 रोगियों ने लिया लाभ


हरिद्वार, 02 जुलाई (हि.स.)।आयुर्वेद विभाग के तत्वावधान मे आयुष्मान आरोग्य मंदिर, बहादराबाद में आयोजित त्रिदिवसीय आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का गुरुवार को समापन हो गया। शिविर के अंतिम दिवस भारी वर्षा के बावजूद 110 रोगियों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।

शिविर के अंतिम दिवस मुख्य रूप से जोड़ों का दर्द, कमर दर्द, सर्वाइकल, साइटिका, बवासीर (पाइल्स), भगन्दर, त्वचा रोग, वैरिकोज वेन्स, मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, पाचन विकार एवं स्त्री रोग से संबंधित मरीजों की संख्या ज्यादा रही।

शिविर में डॉ. विशाल प्रभाकर (प्रभारी चिकित्साधिकारी), डॉ. सोरमी सोमकर (एम.एस., शल्य चिकित्सक), डॉ. विजेन्द्र कुशवाह (क्षारसूत्र विशेषज्ञ), डॉ. विकास दुबे (पंचकर्म विशेषज्ञ) तथा डॉ. संजय कुमार द्वारा रोगियों को पंचकर्म, अग्निकर्म, जलौकावचारण एवं क्षारसूत्र चिकित्सा के माध्यम से उपचारित किया गया।

शिविर में औषधि वितरण का कार्य मुख्य फार्मेसी अधिकारी कैलाश भट्ट एवं फार्मेसी अधिकारी शशि कला द्वारा किया गया। रोगियों की हीमोग्लोबिन, रक्त शर्करा, रक्तचाप एवं ईसीजी की जांच की व्यवस्था भी की गई, जिसका संचालन श्रीमती शीतल एवं कु. कंचना द्वारा किया गया।योग सत्र का संचालन योग अनुदेशक नीतू चौहान एवं श्री दीपक पाठक द्वारा किया गया।

जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. स्वास्तिक सुरेश के निर्देशन में लगे स्वास्थ्य शिविर को लेकर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल प्रभाकर ने बताया कि आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र बहादराबाद में भविष्य में भी पंचकर्म, क्षारसूत्र एवं अग्निकर्म जैसी विशेष चिकित्सा सेवाएं निरंतर उपलब्ध रहेंगी। आयुष मिशन विशेषज्ञ डॉ. अवनीश कुमार उपाध्याय ने कहा कि यह शिविर जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में आयुष विभाग की महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को गुणवत्तापूर्ण आयुर्वेदिक सेवाएं सुलभ हुई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला