home page

ऑडिट मेले के साथ ऑडिट सप्ताह-2026 का समापन

 | 
ऑडिट मेले के साथ ऑडिट सप्ताह-2026 का समापन


-खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने लिया भाग

देहरादून, 29 नवंबर (हि.स.)। देहरादून के कौलागढ़ स्थित ऑडिट भवन में रविवार को आयोजित ऑडिट मेले के साथ ऑडिट सप्ताह-2026 का समापन हो गया। महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी), महालेखाकार (लेखापरीक्षा), उत्तराखंड व निदेशक लेखापरीक्षा (वायु सेना), देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मेले में अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मेले का उद्घाटन महालेखाकार (लेखापरीक्षा) संजीव कुमार ने किया। इस दौरान स्पून बॉल, म्यूजिकल चेयर की पुरुष एवं महिला वर्ग की प्रतियोगिताएं और बच्चों के लिए क्विज आयोजित की गई। बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी) मोहम्मद परवेज आलम ने ऑडिट सप्ताह के दौरान आयोजित आउटरीच कार्यक्रमों, संवाद सत्रों और कार्यशालाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन लेखापरीक्षा, वित्तीय जवाबदेही और पारदर्शिता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ हितधारकों के साथ संवाद मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में सीएजी-आईसीएसएसआर शोध-आलेख प्रतियोगिता-2026 के राज्य स्तरीय विजेताओं पायल, शिवांगी, आद्या त्रिपाठी और सचिन सिंह चौहान को सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह के साथ ऑडिट मेले का समापन हुआ।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय