रेशमा शाह सहित स्थानीय गायकों की प्रस्तुति पर रात भर थिरकते रहे दर्शक
नई टिहरी, 13 नवंबर (हि.स.)। जौनपुर महोत्सव की प्रथम सांस्कृतिक संध्या में बिस्मिल्लाह खान पुरस्कार सम्मानित लोक गायिका रेशमा शाह व स्थानीय गायकों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को रात भर थिरकने पर मजबूर किया। वीरवार शाम को जीआईसी थत्यूड़ के प्रांगण में जौनपुर ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने दीप जलाकर सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया।
लोक गायिका रेश्मा शाह ने देव वंदना से सांस्कृतिक संध्या के कार्यक्रम की शुरूआत की। उन्होंने बचनू मामा, अगलाड की माच्छी, जमुना कु पाणी आदि की गीतों की सुंदर प्रस्तुति दी। स्थानीय गायक अर्जुन सेमल्याट ने पोसें की प्यारी, सुमन भारती ने नारायणी दुर्गा भवानी, हे बिंदुली आदि गीतों की प्रस्तुति दी। वहीं शिवदास ने हिमाचली गीत, स्थानीय लोक गायिका कविता रावत ने महासू देवता की स्तुति के साथ, देवभूमि लगती सबसे प्यारी सहित कई गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरी।
गायक दिनेश पुंडीर, नरेश नौटियाल ने गढ़वाली गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनमोह लिया। जौनपुर महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र राणा ने कहा कि महोत्सव के माध्यम क्षेत्र की पौराणिक सांस्कृतिक को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। इस मौके पर कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेंद्र रावत, जिला पंचायत सदस्य सविता देवी, जयपाल कैरवाण, देवेंद्र प्रसाद चमोली, वीरेंद्र रवत, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील थपलियाल, महामंत्री अकबीर पंवार, विनीता रावत, जमुनावती नौटियाल, ग्राम प्रधान कुलवीर रावत, वीरेंद्र चंदेल, विनोद राणा मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

