home page

हत्या के प्रयास के मामले में फरार दो आरोपित गिरफ्तार

 | 
हत्या के प्रयास के मामले में फरार दो आरोपित गिरफ्तार


हरिद्वार, 18 जून (हि.स.)। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित चल रहे दो शातिर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 11 जून को अफजाल पुत्र जमील निवासी ग्राम रामपुर, कोतवाली गंगनहर ने लिखित तहरीर देकर बताया था कि 5-6 युवक घातक हथियारों से लैस होकर उसके पुत्र के मित्र एवं अन्य साथियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर रहे थे। आरोपितों ने घटना के दौरान जान से मारने की धमकी भी दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली गंगनहर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण तथा क्षेत्राधिकारी रुड़की के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक गंगनहर द्वारा विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर रवाना किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्य संकलित किए तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी क्रम में मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रसूलपुर तिराहे के पास से मुकदमे में वांछित दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नदीम पुत्र शमीम निवासी पुहाना, थाना भगवानपुर, जनपद हरिद्वार तथा शमशेर पुत्र मुर्तजा निवासी खाताखेड़ी, थाना झबरेड़ा, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों की उम्र लगभग 21 वर्ष बताई गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उनका चालान कर दिया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला