home page

अर्धकुंभ-2027: तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा प्रशासन

 | 
अर्धकुंभ-2027: तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा प्रशासन


30 नवंबर और 15 दिसंबर तक निर्माण कार्य पूरे करने का लक्ष्य

-मुख्य सचिव और मेलाधिकारी नियमित समीक्षा कर रहे, ड्रोन सर्वेक्षण से हो रही निगरानी

हरिद्वार, 19 नवंबर (हि.स.)। धर्मनगरी हरिद्वार में अर्धकुंभ-2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। मेला शुरू होने में अब महज 43 दिन शेष रहने के बीच शासन-प्रशासन और मेला अधिष्ठान निर्माण कार्यों तथा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। सड़क, पुल, घाट, पेयजल, बिजली और स्वच्छता से जुड़ी परियोजनाओं को समय पर पूरा करना प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीन सितंबर 2025 को सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में स्थायी निर्माण कार्य अक्टूबर 2026 तक पूरे करने के निर्देश दिए थे। हालांकि, तकनीकी और अन्य कारणों से कुछ परियोजनाओं की समयसीमा बढ़ाई गई है। अब कुछ कार्यों को 30 नवंबर और पुल-सड़कों से जुड़े कार्यों को 15 दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मुख्य सचिव आनंदवर्धन और मेलाधिकारी सोनिका नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से कार्यों की प्रगति पर नजर रख रहे हैं। इन बैठकों में निर्माण कार्यों की स्थिति की समीक्षा के साथ ही सामने आ रही बाधाओं के समाधान पर भी जोर दिया जा रहा है। मेला अधिष्ठान में कार्यों का विभाजन कर अधिकारियों की जवाबदेही तय की गई है। इसके अलावा ड्रोन सर्वेक्षण और डिजिटल मॉनिटरिंग के जरिए परियोजनाओं की वास्तविक स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

निर्माण कार्यों के साथ श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने की तैयारी भी चल रही है। मेले में अस्थायी अस्पताल,प्राथमिक उपचार केंद्र,एंबुलेंस और विशेषज्ञ चिकित्सकों की व्यवस्था की जा रही है। अखाड़ों,संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं के लिए खाद्यान्न की आपूर्ति,भंडारण और वितरण की योजना भी तैयार की जा रही है।

सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए पुलिस प्रशासन भी व्यापक कार्ययोजना पर काम कर रहा है। भीड़ नियंत्रण,संवेदनशील स्थलों की निगरानी और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस मुख्यालय से लेकर कुंभ मेला पुलिस तक समन्वय बनाया जा रहा है। पुलिस,लोक निर्माण, नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग के बीच भी तालमेल स्थापित किया गया है।

मेला प्रशासन जल्द ही पूरे हो चुके कार्यों की जानकारी सार्वजनिक करने की तैयारी में है। मेलाधिकारी सोनिका के अनुसार,चुनौतियों के बावजूद अर्धकुंभ-2027 के लिए हरिद्वार को पूरी तरह तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला