home page

टिहरी विधानसभा की सड़कों के लिए 4.39 करोड़ मंजूर

 | 

नई टिहरी, 26 अगस्त (हि.स.)। टिहरी विधानसभा क्षेत्र की दो प्रमुख सड़कों के डामरीकरण, पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण कार्यों के लिए सरकार ने करीब 4.40 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इससे इन सड़कों से जुड़े गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने बताया कि अपर सचिव महावीर सिंह चौहान की ओर से जारी शासनादेश के अनुसार मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल 3.30 किलोमीटर लंबे कपरियासैण-मरूकी चौंडी मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण के लिए 2 करोड़ 47 लाख 44 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, 2.405 किलोमीटर लंबे रतौली-दणौली मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण कार्य के लिए 1 करोड़ 92 लाख 41 हजार रुपये की धनराशि मंजूर हुई है।

सरकार ने दोनों सड़कों के लिए चालू वित्तीय वर्ष में 10-10 हजार रुपये की टोकन मनी भी जारी की है।

विधायक ने सड़क निर्माण के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज का आभार जताया। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में करीब 200 किलोमीटर सड़कों के निर्माण, सुधारीकरण, डामरीकरण और पुनर्निर्माण के प्रस्ताव मुख्यमंत्री घोषणाओं में शामिल कराए गए हैं। इन प्रस्तावों को सरकार चरणबद्ध तरीके से स्वीकृति प्रदान कर रही है।

किशोर उपाध्याय ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को स्वीकृत मोटर मार्गों का निर्माण निर्धारित समय सीमा में और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी