home page

‘हनुमान अंश’ की युवा निर्मात्री अनुप्रिया नागर ने कैंची धाम में लिया आशीर्वाद

 | 
‘हनुमान अंश’ की युवा निर्मात्री अनुप्रिया नागर ने कैंची धाम में लिया आशीर्वाद


नैनीताल, 13 सितंबर (हि.स.)। देश-विदेश में चर्चित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की 21 वर्षीय युवा निर्मात्री अनुप्रिया नागर ने रविवार को परिजनों और सहयोगियों के साथ श्री कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष कार्तिक पालीवाल भी उनके साथ मौजूद रहे।

अनुप्रिया ने कैंची धाम और बाबा नीब करौरी महाराज के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए नैनीताल पुलिस एवं उत्तराखंड पुलिस की व्यवस्थाओं की सराहना की। दर्शन के बाद उन्होंने नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी से शिष्टाचार भेंट की और फिल्म की सफलता, विषयवस्तु एवं उद्देश्य की जानकारी साझा की।

इस दौरान फिल्म के माध्यम से भगवान हनुमान की भक्ति, आस्था और संस्कारों के साथ बाबा नीब करौरी महाराज की महिमा को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयास पर चर्चा हुई।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अनुप्रिया नागर, उनके परिजनों और सहयोगियों को शॉल ओढ़ाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने फिल्म की सफलता और अनुप्रिया के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

एसएसपी ने कहा कि कैंची धाम देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधा नैनीताल पुलिस की प्राथमिकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी