बहादराबाद टोल प्लाजा पर आरक्षण विरोधी प्रदर्शन, छह घंटे तक जाम रहा टोल
हरिद्वार, 06 सितंबर (हि.स.)।
आरक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर रविवार को बहादराबाद टोल प्लाजा पर हजारों लोगों ने प्रदर्शन किया। सुबह से हो रही बारिश के बावजूद आंदोलनकारी करीब छह घंटे तक टोल प्लाजा पर डटे रहे, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।
प्रदर्शन का नेतृत्व शांभवी पीठाधीश्वर स्वामी आनंद स्वरूप महाराज ने किया। आंदोलनकारियों ने तीन प्रमुख मांगें रखीं - यूजीसी एक्ट को वापस लेना, एससी-एसटी कानून में बदलाव और आरक्षण व्यवस्था में सुधार।
मौके पर पहुंचे एडीएम ने प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन लिया। जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में एडीएम ने आश्वासन दिया कि ज्ञापन केंद्र सरकार तक पहुंचाया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए स्वामी आनंद स्वरूप ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन को सड़क से लेकर संसद तक ले जाया जाएगा और इसे शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने आगामी चुनावों में भाजपा और कांग्रेस को समर्थन न देने और तीसरे विकल्प पर विचार करने की बात भी कही।
उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न मुद्दों के नाम पर समाज को बांटा जा रहा है। कहा कि जब कोई संन्यासी जनता की मांग को लेकर सड़क पर उतरता है तो इसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान भूपेश जोशी, सतीश शर्मा, विशाल शर्मा, निशिकांत शुक्ला, मनोज शुक्ला, के. कौशिक, संजय शर्मा, विमलेश मिश्रा, शिव शंकर पांडेय, ऋषि शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। टोल जाम होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

