अपर रोड पर पुलिस का अतिक्रमण हटाओ अभियान, हरकी पैड़ी मार्ग कराया सुगम
हरिद्वार, 07 अगस्त (हि.स.)। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने शहर कोतवाली से हरकी पैड़ी के बीच अपर रोड पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने सड़क और फुटपाथ पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया तथा दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी संचालकों को निर्धारित सीमा के भीतर ही व्यापार करने की हिदायत दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्ग पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण श्रद्धालुओं और आम लोगों की आवाजाही में बाधा उत्पन्न करता है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा के मद्देनजर हरकी पैड़ी क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में पैदल यात्रियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पुलिस ने सभी व्यापारियों और स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वे सड़क और फुटपाथ पर सामान न रखें तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करें, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

