home page

चारधाम यात्रा से पहले हरिद्वार में अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज

 | 
चारधाम यात्रा से पहले हरिद्वार में अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज


हरिद्वार, 07 अप्रैल (हि.स.)। चारधाम यात्रा के सुगम एवं व्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन एवं सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान के नेतृत्व में शहर में मंगलवार को अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया।

अभियान के तहत सिटी कंट्रोल टावर (सीसीआर) क्षेत्र के आसपास सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए 50 से अधिक रेहड़ी-ठेली एवं फड़ हटाए गए। इसके अलावा रोडीबेलवाला और दीनदयाल पार्किंग से हर की पैड़ी मार्ग तक अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें मौके से हटाया गया।

प्रशासन की ओर से स्पष्ट चेतावनी दी गई कि भविष्य में इन स्थानों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोबारा अतिक्रमण करने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान हरिद्वार में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सड़क, पैदल मार्ग और गंगा घाटों को अतिक्रमण मुक्त रखना आवश्यक है। अतिक्रमण के कारण आवागमन बाधित होता है, जिससे श्रद्धालुओं को असुविधा होती है।

उन्होंने कहा कि यात्रा अवधि में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए हुए है। अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला