home page

नकल और पेपर लीक करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : मुख्यमंत्री धामी

 | 
नकल और पेपर लीक करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : मुख्यमंत्री धामी


देहरादून, 23 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को कहा कि प्रदेश में भर्ती और शैक्षणिक परीक्षाओं की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नकल, पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की सेमेस्टर परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में पुलिस कार्रवाई का संज्ञान लेते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लागू सख्त नकलरोधी कानून के तहत दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं के साथ-साथ विश्वविद्यालयों की परीक्षाओं में भी पारदर्शिता बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। परीक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

सीएम धामी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के मेहनती और प्रतिभाशाली युवाओं को निष्पक्ष अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

गौरतलब है कि यूटीयू की सेमेस्टर परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में दून पुलिस ने शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले में अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय