home page

अंकिता को न्याय दिलाने की मांग, दुष्यंत गौतम की राज्यपाल नियुक्ति के विरोध में कांग्रेस का कैंडल मार्च

 | 
अंकिता को न्याय दिलाने की मांग, दुष्यंत गौतम की राज्यपाल नियुक्ति के विरोध में कांग्रेस का कैंडल मार्च


- शैलजा और गणेश गोदियाल के नेतृत्व में निकला मार्च

देहरादून, 17 अक्टूबर (हि.स.)। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग और भाजपा नेता दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के विरोध में उत्तराखंड कांग्रेस ने शनिवार को देहरादून में कैंडल मार्च निकाला। प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में निकाले गए मार्च में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

कांग्रेस भवन से शुरू हुआ कैंडल मार्च घंटाघर होते हुए वापस कांग्रेस भवन पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और दुष्यंत गौतम की नियुक्ति रद्द करने की मांग को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने ‘अंकिता हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं’ और ‘दुष्यंत गौतम की नियुक्ति रद्द करो’ जैसे नारे लगाए।

कांग्रेस ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को प्रदेश की अस्मिता, महिलाओं की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताया। पार्टी नेताओं ने कहा कि अंकिता के माता-पिता लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं और इस मामले में उठ रहे सवालों का जवाब मिलना चाहिए। कांग्रेस ने दुष्यंत गौतम को राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर भी आपत्ति जताई और इसे लेकर जनता में आक्रोश होने का दावा किया।

उन्होंने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने की मांग केवल उसके परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे उत्तराखंड से जुड़ा मुद्दा है। कांग्रेस के अनुसार, जब तक मामले में उठ रहे सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं मिलता, तब तक पार्टी अपना संघर्ष जारी रखेगी। उसने इस मुद्दे को प्रदेश के साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी उठाने की बात कही।

कैंडल मार्च में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

इसके अलावा विधायक लखपत बुटोला और आर्येंद्र शर्मा, संगठन महामंत्री राजेंद्र भंडारी, उपाध्यक्ष राजीव महर्षि, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर गोगी, गरिमा दसौनी, सुजाता पॉल, डॉ. प्रतिमा सिंह, नीरज त्यागी, लालचंद शर्मा, नवीन जोशी, विजय सारस्वत और अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय