आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को शाल ओढ़ाकर किया सम्मानित
पौड़ी गढ़वाल, 03 अक्टूबर (हि.स.)।सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्र नागधारा में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक राजकुमार पोरी ने बच्चों का अन्नप्राशन कराया और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को शाल भेंटकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक विकास को लेकर जागरूकता बढ़ाने के साथ ही मातृशक्ति से सीधा संवाद करना रहा। इस दौरान महिलाओं और लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया।
विधायक राजकुमार पोरी ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के स्वस्थ विकास और पोषण में आंगनबाड़ी केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम में सीडीपीओ आशा रावत, सुपरवाइजर सुषमा रावत, अर्चना रमोला, रजनी असवाल, वरिष्ठ कार्यकर्ता महावीर सिंह नेगी, महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष संगीता डोभाल, वार्ड सभासद संगीता रावत समेत लाभार्थी व स्थानीय लोग मौजूद रहे।
इस दौरान विधायक राजकुमार पोरी एवं संगीता डोभाल ने आंगनबाड़ी कार्यकत्री मीनाक्षी रावत और रजनीश वाला को सम्मानित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

