home page

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का धरना

 | 
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का धरना


नई टिहरी, 25 नवंबर (हि.स.)। लंबित मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका संगठन ने बुधवार को बाल विकास परियोजना कार्यालय चंबा में धरना दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

ब्लॉक अध्यक्ष पुष्पा सजवाण के नेतृत्व में धरने पर बैठीं कार्यकर्ताओं ने कहा कि संगठन लंबे समय से मानदेय वृद्धि और नियमितीकरण की मांग कर रहा है, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नियमित कर्मचारी घोषित करने, सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने तथा पेंशन और ग्रेच्युटी की व्यवस्था करने की मांग उठाई।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सेवानिवृत्ति पर उचित आर्थिक लाभ देने के साथ ही विभागीय कार्यों के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए। सरकार की ओर से कई बार समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया गया, लेकिन मांगें लंबित रहने के कारण उन्हें आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ा है।

उन्होंने सरकार से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। धरने में शकुंतला, कविता, बागेश्वरी, सावित्री, कमला, विजय लक्ष्मी, रजनी, दिलमा देवी, मधु, गीता, सविता और शबाना सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी