हरिद्वार में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाई गई अनंत चतुर्दशी
-गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना कर किया दान-पुण्य
हरिद्वार, 25 सितंबर (हि.स.)। तीर्थनगरी हरिद्वार में शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी का पर्व श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों और मंदिरों में भगवान विष्णु के अनंत स्वरूप की पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।
अनंत चतुर्दशी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु को फल, फूल, धूप-दीप और नैवेद्य अर्पित किए। पूजा के बाद अनंत सूत्र धारण किया गया। धार्मिक मान्यता के अनुसार अनंत सूत्र भगवान विष्णु के अनंत स्वरूप का प्रतीक माना जाता है।
कई श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और दान-पुण्य किया। घरों में भी महिलाओं और पुरुषों ने परंपरागत रूप से अनंत की पूजा कर परिवार के मंगल की कामना की।
अनंत चतुर्दशी के साथ दस दिवसीय गणेशोत्सव का भी समापन हुआ। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने गणपति की प्रतिमाओं का विसर्जन कर उन्हें विदाई दी और अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

