तीन लाख किलोमीटर चल चुकीं 50 एम्बुलेंस तत्काल बदली जाएंगी: मुख्य सचिव
-108 एम्बुलेंस सेवा की निगरानी के लिए बनेगा तंत्र, हर मामले के रिस्पांस टाइम का होगा विश्लेषण
देहरादून, 22 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने तीन लाख किलोमीटर से अधिक चल चुकीं करीब 50 एम्बुलेंस को तत्काल बदलने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने 108 एम्बुलेंस सेवा की निगरानी के लिए विभागीय स्तर पर तंत्र विकसित करने और सेवा में देरी के मामलों का विश्लेषण कर सुधारात्मक कदम उठाने को कहा है।
मुख्य सचिव ने गुरुवार को सचिवालय में 108 एम्बुलेंस सेवा से संबंधित व्यय वित्त समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि यह सेवा सीधे लोगों के जीवन से जुड़ी है। इसलिए एम्बुलेंस को निर्धारित मानकों के अनुरूप दुरुस्त और आधुनिक बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने पुरानी और बार-बार खराब होने वाली एम्बुलेंस को बदलने की प्रक्रिया तत्काल शुरू करने तथा इस काम में अनावश्यक देरी नहीं करने के निर्देश दिए।
उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत एक समर्पित टीम गठित करने को कहा, जो एम्बुलेंस सेवा के विभिन्न पहलुओं की नियमित निगरानी और विश्लेषण करेगी। इसके अलावा साप्ताहिक और मासिक आधार पर समीक्षा की व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि कमियों या असामान्य स्थितियों का पता चलने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
उन्हाेंने कहा कि एम्बुलेंस के पहुंचने के समय का आकलन केवल औसत रिस्पांस टाइम के आधार पर नहीं किया जाना चाहिए। प्रत्येक मामले में एम्बुलेंस के पहुंचने में लगे वास्तविक समय का विश्लेषण किया जाए, ताकि देरी के कारणों की पहचान कर आवश्यक सुधार किए जा सकें। उन्होंने एम्बुलेंस में उपलब्ध जीवनरक्षक उपकरणों की हर महीने अनिवार्य जांच कराने और इसके लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने के भी निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने एम्बुलेंस सेवा की निगरानी और संचालन को सुगम बनाने के लिए शीघ्र मोबाइल ऐप तैयार करने को कहा। इसके माध्यम से मरीज की स्थिति और स्थान के आधार पर एम्बुलेंस की आवाजाही पर नजर रखी जा सकेगी। उन्होंने सरकारी एम्बुलेंस को भी आवश्यक सुविधाओं से लैस कर इस व्यवस्था में शामिल करने पर जोर दिया।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में वर्तमान में 108 सेवा के तहत 272 एम्बुलेंस संचालित हैं। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग द्वारा 250 से अधिक सरकारी एम्बुलेंस भी चलाई जा रही हैं।
बैठक में सचिव विनय शंकर पांडेय, अपर सचिव नवनीत पांडेय, रोहित मीणा और महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ. सुनीता टम्टा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

